नई दिल्ली: चीन में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. 70 साल से ज्यादा उम्र की एक महिला को परिवार ने मृत मान लिया था. उसके शव को रेफ्रिजरेटेड ताबूत में रख दिया गया. लेकिन करीब एक दिन बाद ताबूत के अंदर से गुनगुनाने जैसी आवाज सुनाई दी. परिवार ने ताबूत खोला तो महिला में जिंदगी के संकेत दिखे. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना उत्तरी चीन के हेबेई प्रांत की है.
बुजुर्ग महिला कई साल से दिमाग की नस में खून का थक्का जमने (सेरेब्रल थ्रोम्बोसिस) और कैंसर की बीमारी से जूझ रही थीं. डॉक्टरों ने इलाज असंभव बता दिया था, इसलिए परिवार उन्हें घर ले आया था. 8 सितंबर को परिवार ने महिला में जिंदगी के कोई साफ संकेत नहीं देखे और उन्हें मृत मान लिया. कुछ सदस्य बाहर थे, इसलिए सभी के आने तक शव को सुरक्षित रखने के लिए रेफ्रिजरेटेड ताबूत में रख दिया गया.
9 सितंबर की शाम महिला की बहू ने ताबूत के अंदर से हल्की गुनगुनाने जैसी आवाज सुनी. परिवार घबरा गया और तुरंत ताबूत खोला. महिला में जीवन के संकेत मौजूद थे. उन्हें बाहर निकाला गया. 11 सितंबर को जब अन्य रिश्तेदार पहुंचे, तो महिला ने आंखें भी खोलीं और होश आने लगा.
हालांकि उनकी हालत बेहद गंभीर थी. वे न ठीक से खा पा रही थीं, न पानी पी पा रही थीं. 11 सितंबर की रात महिला की फिर मौत हो गई. 13 सितंबर को परिवार की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया. यानी जिस महिला को 8 सितंबर को मृत माना गया था, वह कुछ समय बाद ताबूत में आवाज देने लगीं, लेकिन करीब दो दिन बाद उनकी वास्तव में मौत हो गई.
डॉक्टरों के अनुसार यह ‘अपैरेंट डेथ’ की स्थिति हो सकती है, जिसमें शरीर की गतिविधियां बेहद धीमी हो जाती हैं और व्यक्ति को मृत समझना आसान हो जाता है. सांस और दिल की धड़कन इतनी धीमी हो सकती है कि सामान्य तरीके से पहचानना मुश्किल हो. इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी है.