मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ सपा नेता आजम खान को लेकर लगाए गए विवादित होर्डिंग सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. दिल्ली रोड स्थित साईं हॉस्पिटल के सामने कांशीराम नगर के गेट के पास नगर निगम के यूनिपोल पर लगाए गए इन होर्डिंग में सपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
एक होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में माफियाराज और अखिलेश, लूट लिया था पूरा प्रदेश लिखा गया था. इसमें अखिलेश यादव और आजम खान के साथ वीरपाल सिंह यादव और संदेश यादव की तस्वीरें भी लगाई गई थीं.
वहीं, दिल्ली रोड पर ही दूसरे यूनिपोल पर लगाए गए होर्डिंग में पूर्व सांसद अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गईं. इस पर लिखा था, आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार. इसके नीचे अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश लिखा गया था. तस्वीरों के साथ अलग-अलग समाचार पत्रों की कटिंग भी लगाई गई थी.
मुरादाबाद में ऐसे कई होर्डिंग अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाने की बात सामने आई है. इनमें सपा नेताओं और पूर्व में चर्चित रहे अपराधियों की तस्वीरों के साथ राजनीतिक संदेश लिखे गए हैं.
होर्डिंग की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने एक यूनिपोल पर चढ़कर विवादित होर्डिंग को फाड़कर नीचे उतार दिया. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन होर्डिंग को किस व्यक्ति या संगठन ने लगवाया और इन्हें नगर निगम के यूनिपोल पर लगाने की अनुमति किस स्तर से मिली.
मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ा है क्योंकि हाल ही में मथुरा में भी अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव की तस्वीरों वाले विवादित पोस्टर सामने आए थे. सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें हटाकर पुलिस से शिकायत की थी. अब मुरादाबाद में इसी तरह के होर्डिंग सामने आने के बाद लगाने वाले की पहचान और अनुमति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.