इस्लामाबाद/काबुल: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. सोमवार तड़के पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पूर्वोत्तर कुनार प्रांत में एयरस्ट्राइक की, जिसमें तीन लोगों के मारे जाने की खबर है. दोनों देशों के बीच तनाव इतना बढ़ गया है कि कभी भी खुला युद्ध छिड़ सकता है. जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान ने यह हमला हाल ही में हुए आत्मघाती हमले के जवाब में किया.
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में एक मस्जिद के पास विस्फोटकों से भरे वाहन में विस्फोट और आतंकवादियों के हमले में पांच पुलिस अधिकारियों समेत कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी. 50 से अधिक लोग घायल हुए थे. तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान के इस कदम की निंदा करते हुए कहा कि अफगानिस्तान के अंदर घुसकर हमला अच्छा नहीं किया गया.
उन्होंने चेतावनी दी कि काबुल अपने ऊपर हुए हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा. मुजाहिद ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तालिबान किसी हमले को अंजाम नहीं देता और न ही आतंकियों का समर्थन करता है. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान आर्टिकल 51 का उल्लंघन करता है तो अफगानिस्तान के पास भी आत्मरक्षा का अधिकार है.
इससे पहले रविवार को पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में हुई मुठभेड़ में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आठ आतंकवादी और दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत छह सुरक्षाकर्मी मारे गए थे. यह अभियान खैबर पख्तूनख्वा के हंगू जिले में चलाया गया था. दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव से क्षेत्र में युद्ध की आशंका बढ़ गई है. स्थिति पर नजर बनाए हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी चिंतित है.