तेंदुए से भिड़ गया 10 साल का अंश! जख्मी होने के बावजूद गला दबोचे रखा, आदमखोर को भागना पड़ा

Amanat Ansari 21 Sep 2026 03:42 PM 1 Mins
तेंदुए से भिड़ गया 10 साल का अंश! जख्मी होने के बावजूद गला दबोचे रखा, आदमखोर को भागना पड़ा

हल्द्वानी (उत्तराखंड): उत्तराखंड के हल्द्वानी में 10 वर्षीय बालक अंश की बहादुरी की चर्चा जोरों पर है. शनिवार शाम तेंदुए ने उस पर घात लगाकर हमला कर दिया, लेकिन बच्चे ने घायल होने के बावजूद दोनों हाथों से तेंदुए का गला पकड़े रखा. शोर मचाने पर आदमखोर तेंदुआ भाग निकला. घटना विजयपुर रतनपुर चकलुवा क्षेत्र की है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:15 बजे 10 वर्षीय अंश (पुत्र प्रेम शंकर) और उसका 7 वर्षीय दोस्त समर दुकान पर सामान लेने जा रहे थे. घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक अंश पर हमला बोल दिया. तेंदुए को देखते ही अंश ने जोर-जोर से शोर मचाया और उससे भिड़ गया. तेंदुए का एक पंजा अंश के मुंह पर और दूसरा पेट पर था. बच्चे ने हिम्मत नहीं हारी और दोनों हाथों से तेंदुए का गला दबोचे रखा. अंश की चीख सुनकर दुकानदार कुंदन टॉर्च लेकर दौड़े.

उनके शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया. हमले में अंश के पेट और मुंह पर गहरे जख्म आए हैं. बच्चे को हायर सेंटर रेफर किया गया है. रविवार को डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) घायल बच्चे के घर जाकर हालचाल पूछने पहुंचे. 10 साल के अंश की इस बहादुरी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है. लोगों ने कहा कि बच्चे ने अपनी उम्र से कहीं ज्यादा साहस दिखाया और जानलेवा जानवर को भागने पर मजबूर कर दिया. वन विभाग मामले की जांच कर रहा है.

Recent News