Banka BDO arrested: बिहार के बांका जिले में निगरानी विभाग ने मंगलवार सुबह एक बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया. फुलीडूमर प्रखंड के बीडीओ अमित प्रताप सिंह को 75,000 रुपए घूस लेते रंगेहाथ पकड़ लिया गया. उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को भी गिरफ्तार किया गया. पटना निगरानी ब्यूरो की विशेष टीम ने बीडीओ के बांका स्थित नेहरू कॉलोनी आवास पर अचानक छापा मारा.
डीजी निगरानी जीएस गंगवार के अनुसार, पंचायती राज योजनाओं की मंजूरी के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी. फुलीडूमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश की लिखित शिकायत पर टीम ने जाल बिछाया और बीडीओ को रंगेहाथ दबोच लिया.
गिरफ्तारी के बाद दोनों को सर्किट हाउस ले जाकर पूछताछ की गई. इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. सोमवार को ही फुलीडूमर प्रखंड परिसर में बीडीओ के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद बीडीओ ने पूर्व मुखिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मंगलवार को निगरानी की इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.