पटना: बिहार सरकार ने मंगलवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 18 आईपीएस अधिकारियों और कई डीएसपी का तबादला कर दिया है. सबसे बड़ी खबर यह है कि सीवान के एसपी पूरन कुमार झा को पद से हटा दिया गया है. पिछले महीने छात्र आंदोलन के दौरान सीवान में पुलिस द्वारा एके-47 से फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष लगातार उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा था.
राज्य सरकार ने पूरन झा को पुलिस मुख्यालय बुला लिया है. फिलहाल उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है. उनकी जगह नालंदा के एसपी भारत सोनी को सीवान का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. छपरा (सारण) में भी बड़ा बदलाव हुआ है. मौजूदा एसएसपी विनीत कुमार को आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) में एसपी बनाकर भेजा गया है. उनकी जगह रोहतास के एसपी रौशन कुमार को छपरा का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है.
भोजपुर के एसपी मिस्टर राज को रोहतास का नया एसपी बनाया गया है. भोजपुर की कमान अब अवधेश दीक्षित को सौंपी गई है, जो पहले पुलिस मुख्यालय में एसपी (कार्मिक-1) के पद पर थे. वहीं, नालंदा के नए एसपी हृदय कांत बनाए गए हैं. उनका एटीएस से तबादला किया गया है.
इसके अलावा अनिल कुमार, मृत्युंजय कुमार, राजीव रंजन, अजय कुमार पांडेय, आमिर जावेद समेत कई अन्य आईपीएस अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग दी गई है. बिहार पुलिस सेवा के कई डीएसपी और वरीय डीएसपी का भी तबादला किया गया है. गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक यह बदलाव प्रशासनिक जरूरतों के तहत किया गया है. सीवान और भोजपुर जैसे जिलों में हालिया विवादों के बाद यह फेरबदल काफी चर्चा में है.