मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने सीजेपी के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन किया था. इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया. अब उनके पिता, अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी का खुलकर बचाव किया है. शत्रुघ्न सिन्हा ने आरोप लगाया कि सोनाक्षी के खिलाफ हो रही ट्रोलिंग स्वाभाविक नहीं, बल्कि सुनियोजित और बनावटी है. उन्होंने सीधे बीजेपी आईटी सेल को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया.
एबीपी न्यूज को दिए इंटरव्यू में शत्रुघ्न ने कहा, “जो लोग उसे ट्रोल करते हैं और उसके खिलाफ हंगामा खड़ा करने की कोशिश करते हैं, वे पेड ट्रोल हैं. हमारे मित्रों की बीजेपी IT सेल और उनकी नीतियों का समर्थन करने वाले लोग ऐसा कर रहे हैं. यह ट्रोलिंग बनावटी है. उन्हें खुद नहीं पता होता कि क्या कहना है, उन्हें लिखकर दिया जाता है.”
उन्होंने बेटी की तारीफ करते हुए कहा कि सोनाक्षी ट्रोल्स पर ध्यान नहीं देतीं और उनमें बहुत जान है. जब उनसे पूछा गया कि क्या सोनाक्षी भविष्य में राजनीति में आएंगी, तो शत्रुघ्न सिन्हा ने जवाब दिया, “मैं कुछ नहीं कह सकता. पहले मैं उससे पूछता था. मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि वह एक योग्य पिता की सबसे योग्य बेटी है.”
उन्होंने यह भी बताया कि सोनाक्षी ने झारखंड के छात्र आंदोलन का भी समर्थन किया था. गौरतलब है कि सीजेपी प्रदर्शन के दौरान सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने की सोनाक्षी ने निंदा की थी और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में वीडियो शेयर कर उनकी सराहना की थी.