मुंबई: मॉडल और वेब सीरीज एक्ट्रेस 31 वर्षीय अंतरा बनर्जी को अरावली एक्सप्रेस में हुए हंगामे के बाद गिरफ्तार किया गया. उन पर आरोप है कि उन्होंने रिजर्व्ड सीट को लेकर विवाद के दौरान अपने कपड़े उतार दिए और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के जवान पर रेजर ब्लेड से हमला कर दिया. घटना 12 अगस्त की रात बोरीवली और दहानू के बीच हुई.
अंतरा एक शूट के लिए सूरत जा रही थीं. उनके पास सिर्फ स्लीपर क्लास का टिकट था, लेकिन वे रिजर्व्ड एसी कोच में बैठ गईं. एक यात्री ने उन्हें सीट खाली करने को कहा. मना करने पर यात्री ने टिकट कलेक्टर और RPF को सूचना दी. RPF असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर यामिनीकांत मिश्रा और कॉन्स्टेबल राजेश कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे.
पुलिस के अनुसार, अंतरा अधिकारियों के साथ बदसलूकी करने लगीं और हिंसक हो गईं. उन्होंने कपड़े उतार दिए, रेजर ब्लेड लहराया और मिश्रा पर हमला कर दिया. इस दौरान उन्होंने खुद को भी घायल कर लिया. मिश्रा की वर्दी और मोबाइल को भी नुकसान पहुंचाया गया. हालात बिगड़ने पर RPF कर्मियों ने एसी कोच के दरवाजे बंद कर दिए.
अंतरा खिड़की का शीशा तोड़कर भागने की कोशिश भी करती रहीं. दहानू स्टेशन पर उन्हें ट्रेन से उतारकर GRP के हवाले कर दिया गया. 13 अगस्त को बोरीवली रेलवे पुलिस ने उनके खिलाफ सुरक्षा खतरे में डालने, सरकारी कर्मचारी को चोट पहुंचाने, मारपीट और जानबूझकर अपमान करने के आरोप में FIR दर्ज की. उन्हें नोटिस देकर जमानत पर रिहा कर दिया गया.