पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अनर्गल बयानबाजी बंद करें, वरना उनकी पूरी जन्मकुंडली जनता के सामने खोल दी जाएगी. पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि वे काफी दिनों से गिरिराज सिंह की बातें सुन रहे हैं.
उन्होंने मीडिया के माध्यम से सलाह दी कि अनाप-शनाप बोलना बंद कर दें. अगर ऐसा नहीं किया तो जैसे दूसरे भाजपा नेताओं की कुंडली खोली गई, वैसे ही उनके बारे में भी सब कुछ सामने आ जाएगा. फिर वे कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे. प्रशांत ने आरोप लगाया कि बेगूसराय में कुशवाहा समाज का वोट हासिल करने के चक्कर में गिरिराज मुख्यमंत्री सम्राट के पक्ष में बोल रहे हैं.
उन्होंने कहा कि समाज इस तरह की राजनीति को अच्छी तरह समझता है. गिरिराज सिंह हमेशा झटका मीट, हिंदू-मुस्लिम और जातिगत मुद्दों पर ही बोलते रहते हैं. लोग उन्हें नजरअंदाज करते हैं, लेकिन जरूरत से ज्यादा बोलेंगे तो उनकी पूरी कहानी सामने आ जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि जब बेगूसराय में एक लड़की को होटल से जबरदस्ती खींचा गया या नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या हुई, तब गिरिराज सिंह चुप रहे. लेकिन अब सम्राट चौधरी के पक्ष में खड़े होकर कुशवाहा वोट एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं, जो संभव नहीं है. गिरिराज सिंह ने इस बयान पर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी. उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि प्रशांत किशोर कोई ज्योतिषी नहीं हैं.