'लाल किला झूठ बोलने की जगह नहीं है...' स्वतंत्रता दिवस पर अखिलेश यादव का PM मोदी पर तंज

Amanat Ansari 15 Aug 2026 09:02 PM 1 Mins
'लाल किला झूठ बोलने की जगह नहीं है...' स्वतंत्रता दिवस पर अखिलेश यादव का PM मोदी पर तंज

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन पर निशाना साधते हुए कहा, ''लाल किला झूठ बोलने की जगह नहीं है.'' उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक के उल्लेख को लेकर पीएम पर तंज कसा.

अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 में ही पारित हो चुका है. उन्होंने सरकार से अपील की कि इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लागू किया जाए. सपा प्रमुख ने कहा कि हम इसके लिए तैयार हैं. इससे उन महिलाओं को मौका मिलेगा जो अभी अवसर का इंतजार कर रही हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से राजनीतिक दलों से अपील की थी कि वे मतभेद भुलाकर विधानसभाओं और संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने में सहयोग करें. अखिलेश ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि हर कोई जानता है कि यह विधेयक पारित हो चुका है.

सपा अध्यक्ष ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी संगठन विभाजन को जश्न की तरह मनाते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्रवाद एक रंग का है, जबकि सपा का बहुरंगी है.

अखिलेश ने तिरंगे को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि जो कभी तिरंगे का सम्मान नहीं करते थे, वे अब तिरंगा यात्राएं निकाल रहे हैं. उन्होंने प्रति व्यक्ति आय, राशन वितरण, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, शिक्षा व्यवस्था और प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने को लेकर भी सरकार की आलोचना की.

Akhilesh Yadav PM Modi Narendra Modi Independence Day

Recent News