रायपुर : छत्तीसगढ़ कैडर के 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल इन दिनों एक कथित रिश्वत मामले को लेकर चर्चा में हैं. आरोप है कि अंबिकापुर में तैनाती के दौरान एक साइबर फ्रॉड प्रकरण में एक करोड़ रुपये की घूस लेने की शिकायत सामने आई है. मामला अदालत और जांच एजेंसियों तक पहुंच चुका है, हालांकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
इसी बीच सोशल मीडिया पर राहुल बंसल के यूपीएससी इंटरव्यू के अंक भी चर्चा का विषय बन गए हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 में ऑल इंडिया रैंक 377 हासिल की थी और पांचवें प्रयास में सफलता पाई थी, उनके लिखित परीक्षा के अंक काफी अच्छे रहे, जबकि पर्सनैलिटी टेस्ट यानी इंटरव्यू में उन्हें 275 में से 138 अंक मिले थे. इसके बावजूद मजबूत लिखित प्रदर्शन के कारण उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) मिली.
राहुल बंसल का एक पुराना मॉक इंटरव्यू वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी राय रखी थी और बताया था कि छात्र जीवन में एक जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए 500 रुपये की रिश्वत देना उन्हें बेहद खराब लगा था. अब उन पर लगे आरोपों के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है.
यह पूरा मामला सिविल सेवा में नैतिकता, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ रहा है. साथ ही यह भी चर्चा हो रही है कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता केवल इंटरव्यू के अंकों पर नहीं, बल्कि समग्र प्रदर्शन पर निर्भर करती है.