कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट कुछ घंटों के लिए हुआ डाउन: अभिजीत दीपके ने लगाया हटाने का आरोप, बाद में हुआ बहाल

Rahul Jadaun 15 Aug 2026 07:26 PM 1 Mins
कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट कुछ घंटों के लिए हुआ डाउन: अभिजीत दीपके ने लगाया हटाने का आरोप, बाद में हुआ बहाल

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर व्यंग्य और जनहित के मुद्दों को लेकर चर्चित 'कॉकरोच जनता पार्टी' (Cockroach Janta Party - CJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को लेकर स्वतंत्रता दिवस पर विवाद खड़ा हो गया। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि मेटा ने प्लेटफॉर्म से पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल हटा (Take Down) दिया है। हालांकि, कुछ घंटों के तकनीकी व्यवधान और प्रयासों के बाद पार्टी ने अकाउंट को सफलतापूर्वक दोबारा बहाल (Restore) कर लिया।

सोशल मीडिया 'X' पर शेयर किए स्क्रीनशॉट

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'User Not Found' और पेज अनअवेलेबल आ रहा है। उन्होंने इसे अपनी आवाज दबाने की कोशिश करार दिया। बाद में CJP के आधिकारिक 'X' हैंडल से पुष्टि की गई कि सुबह अकाउंट हटा दिया गया था, लेकिन अब इस पर दोबारा नियंत्रण पा लिया गया है। पार्टी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आवाज दबाने की ऐसी कोशिशों से उनका अभियान रुकने वाला नहीं है।

महाराष्ट्र के हिंगोली से 'स्कूल ठीक करो' अभियान का आगाज

इस विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अभिजीत दीपके के पैतृक गांव संतुक पिंपरी से 'स्कूल ठीक करो' (School Thik Karo) मुहिम की शुरुआत की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे और जवाबदेही को मजबूत करना है।

अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्होंने गांव के सरपंच से मिलकर स्थानीय सरकारी स्कूल में बेंच, पीने का साफ पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं जो गांवों में जाकर लोगों और स्थानीय प्रतिनिधियों को स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए प्रेरित करेंगी।

पहले भी विवादों में रहे हैं अकाउंट्स

यह पहला मौका नहीं है जब सीजेपी या उसके संस्थापक के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को लेकर समस्या आई हो। इससे पहले मई 2026 में भी अभिजीत दीपके ने अपना पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने और बैकअप अकाउंट्स पर रोक लगाए जाने का आरोप लगाया था।

#CockroachJantaParty #AbhijeetDipke #CJP #SchoolThikKaro #InstagramDown #MaharashtraNews

Recent News