प्रयागराज : उत्तर प्रदेश बीजेपी की उपाध्यक्ष पूजा पाल ने माफिया अतीक अहमद के बेटों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने अतीक परिवार के प्रति सहानुभूति जताने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा. पूजा पाल ने कहा कि जिन लोगों के खून में बदमाशी, दूसरों को यातना देने, जमीन हड़पने और कत्ल-ए-आम जैसी सोच रही हो, उनकी मानसिकता आसानी से नहीं बदल सकती.
पूजा पाल ने कहा कि अगर अतीक अहमद को अपनी सोच बदलनी होती, तो वह अपनी जिंदगी में ही बदल चुका होता. उन्होंने कहा कि अतीक को अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देकर जाना चाहिए था. उनका दावा है कि ऐसे लोगों की सोच जेल में रहने या जेल से बाहर आने के बाद भी बदलना मुश्किल है.
दरअसल, अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत के बाद कई नेता उसके परिवार से मिलने और दुख जताने पहुंचे थे. अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल समेत कुछ नेताओं के अतीक परिवार के घर पहुंचने को लेकर पूजा पाल ने नाराजगी जाहिर की.
पूजा पाल का बयान ऐसे समय आया है, जब अबान की मौत के बाद अतीक परिवार को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं. एक तरफ कुछ नेता मानवीय आधार पर परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं की ओर से इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
पूजा पाल के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर अतीक अहमद और उसके परिवार को लेकर बहस छेड़ दी है. अब देखना होगा कि उनके बयान पर विपक्षी नेता क्या प्रतिक्रिया देते हैं.