नोएडा/कटिहार: नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र स्थित बरौला की नेस्ट रेंटल्स पैनोरमा बिल्डिंग में 19 वर्षीय युवती महक अहमद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रमन राज को बिहार की कटिहार नगर थाना पुलिस ने फुलवारी काली मंदिर पोखर के पास से 5 बोतल शराब के साथ दबोच लिया है। आरोपी को स्थानीय शराबबंदी कानून के तहत जेल भेज दिया गया है, जहां से अब नोएडा पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
मूल रूप से असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली 19 वर्षीय महक अहमद नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी और बरौला स्थित पीजी के कमरा नंबर 13 में अपनी सहेली संजना साहू के साथ रहती थी। इसी इमारत के कमरा नंबर 23 में बिहार के कटिहार का निवासी रमन राज रहता था। सहेली संजना के अनुसार, 7 और 8 अगस्त की दरमियानी रात महक को रमन राज के साथ उसकी बालकनी में शराब पीते देखा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों अमित यादव और इफरा अंसारी ने भी दोनों को साथ देखा था।
अगली सुबह जब महक अपने कमरे में नहीं मिली और दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले, तब शक गहराया। रमन राज के कमरे पर बाहर से ताला लटका था। बिल्डिंग मालिक सार्थक बंसल को सूचना देने के बाद केयरटेकर सूरज ने ताला तोड़ा, तो अंदर फर्श पर खून से लथपथ महक का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में थाना सेक्टर-49 नोएडा में 10 अगस्त 2026 को मुकदमा संख्या 0254 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और धारा 238 (साक्ष्य मिटाने) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
आरोपी की लोकेशन ट्रेस करते हुए नोएडा पुलिस जब कटिहार पहुंची, तो सामने आया कि कटिहार पुलिस ने गश्त के दौरान रमन राज को पहले ही प्रतिबंधित शराब के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। कटिहार के डीएसपी विशाल आनंद ने पुष्टि करते हुए बताया कि नोएडा पुलिस को जांच और रिमांड प्रक्रिया के लिए पूरा प्रशासनिक व न्यायिक सहयोग दिया जा रहा है। नोएडा पुलिस अब आरोपी को कस्टडी में लेकर हत्या के मूल कारणों और 7-8 अगस्त की रात के पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी।