नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए गए अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पल अटकने और लिखित नोट्स देखने पर विपक्ष ने हमला बोल दिया. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर कर तंज कसा.
जब पीएम मोदी 2014 के बाद भारत की बायो-इकोनॉमी में हुई तरक्की का जिक्र कर रहे थे, तब वे बोलते-बोलते कुछ क्षणों के लिए रुक गए और अपने नोट्स देखने पड़े. इस वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लिखा, “बिना टेलीप्रॉम्प्टर के महामानव.” उन्होंने रील वाले टेप का भी जिक्र किया, जिसमें रील बाहर निकली हुई दिख रही थी.
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी वीडियो शेयर कर प्रधानमंत्री के आत्मविश्वास और भाषण की शैली पर सवाल उठाए. गौरतलब है कि इस साल पीएम मोदी का स्वतंत्रता दिवस भाषण पिछले चार वर्षों में सबसे छोटा रहा, जो करीब 75 मिनट का था.
2023 में उन्होंने करीब 90 मिनट का भाषण दिया था. संक्षिप्त होने के बावजूद उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, एमएसएमई, उच्च शिक्षा, कोचिंग संस्थानों और नक्सलवाद जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की. विपक्ष के इस हमले के बीच भाषण की यह क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.