आगरा में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: जन्मदिन की खरीदारी के बहाने ले जाकर पिता ने 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

Rahul Jadaun 16 Aug 2026 03:45 PM 2 Mins
आगरा में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: जन्मदिन की खरीदारी के बहाने ले जाकर पिता ने 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

आगरा: उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पिता ने पत्नी से विवाद के बाद अपनी महज 11 महीने की मासूम बेटी को उफनती यमुना नदी के पुल से नीचे फेंक दिया। दिल दहलाने वाली बात यह है कि मासूम बच्ची का दो दिन बाद (17 अगस्त) पहला जन्मदिन था। आरोपी पति ने अपनी पत्नी को भी नदी में फेंकने की कोशिश की, लेकिन महिला के शोर मचाने पर राहगीरों ने उसे दबोच लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

जन्मदिन की शॉपिंग और फोटो खिंचवाने का बहाना

जानकारी के अनुसार, सिकंदरा के नेरे (बदामगढ़ी) निवासी रिंकू उर्फ चंद्रवीर की शादी 15 जून 2024 को राजस्थान के भरतपुर (डीग) निवासी भूप सिंह की बेटी लक्ष्मी से हुई थी। दोनों की 11 माह की बेटी वंशिका थी। पति-पत्नी के बीच पिछले 7-8 महीने से विवाद चल रहा था, जिसके चलते लक्ष्मी मायके में रह रही थी। करीब 20 दिन पहले ही रिंकू सुलह का भरोसा देकर उसे ससुराल लाया था।

शुक्रवार दोपहर रिंकू बेटी वंशिका के जन्मदिन के लिए नए कपड़े और पत्नी के लिए साड़ी खरीदने का झांसा देकर दोनों को बाइक से सिकंदरा बाजार ले जाने के लिए निकला। रास्ते में यमुना पुल पर उसने फोटो खींचने के बहाने बाइक रोकी। वहां दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान रिंकू ने पत्नी की गोद से मासूम वंशिका को छीना और सीधे उफनती यमुना नदी में फेंक दिया।

पत्नी ने दिखाई बहादुरी, राहगीरों ने आरोपी को दबोचा

बेटी को नदी में फेंकने के बाद रिंकू ने पत्नी लक्ष्मी को भी धक्का देकर नदी में फेंकने की कोशिश की, लेकिन लक्ष्मी ने कड़ा संघर्ष किया और जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पुल से गुजर रहे राहगीर तुरंत मौके पर रुके और महिला को बचाया। गुस्साए राहगीरों ने भागने की कोशिश कर रहे रिंकू को घेरकर पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

एनडीआरएफ और गोताखोर तलाश में जुटे, हत्या का मुकदमा दर्ज

बारिश के चलते इन दिनों यमुना नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और बहाव तेज है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मासूम बच्ची की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों को नदी में उतारा गया है। पुलिस ने आरोपी पिता रिंकू के खिलाफ हत्या (BNS की सुसंगत धाराओं) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि रिंकू दहेज में जमीन नाम कराने का दबाव बनाता था और अक्सर क्राइम वेब सीरीज देखता था।

#AgraCrime #YamunaRiver #Sikandra #AgraPolice #UPPolice #CrimeNews #HorrificCrime

Recent News