मंगलुरु: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ कर्नाटक के मंगलुरु में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है. बीजेपी नेता विकास पुत्तूर ने उन पर ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप लगाते हुए उरवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है. उन्होंने मामले में तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
बीजेपी नेता का आरोप है कि 15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तुत किया जा रहा था. इस कार्यक्रम में सोनिया गांधी मौजूद थीं. आरोप के मुताबिक, उन्होंने गीत को बीच में ही रोकने को कहा और इसके प्रति अनादर दिखाया.
विकास पुत्तूर ने पुलिस को सौंपी शिकायत में कहा कि यह कृत्य जानबूझकर शांति भंग करने के इरादे से किया गया लगता है और यह राष्ट्रगीत का अपमान है. उन्होंने राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम की धारा 3 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 195 और 352 के तहत कार्रवाई की मांग की.
पुत्तूर ने चेतावनी दी कि अगर एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो वे हाईकोर्ट में निजी शिकायत दर्ज कराएंगे. उन्होंने पुलिस से यह भी कहा कि मामले में कोई राजनीतिक दखल न होने दिया जाए.
शिकायत में उन्होंने लिखा कि ‘वंदे मातरम्’ की रचना स्वतंत्रता सेनानी बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी. यह गीत स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभा चुका है और इसे राष्ट्रगीत का दर्जा प्राप्त है. हर भारतीय नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसका सम्मान करे.
पुलिस ने शिकायत पर क्या कार्रवाई की, इसकी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है.