नादिया में कांग्रेस नेता और बेटे की बर्बर हत्या, कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद धारदार हथियारों से काट डाला

Amanat Ansari 16 Aug 2026 02:06 PM 1 Mins
नादिया में कांग्रेस नेता और बेटे की बर्बर हत्या, कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद धारदार हथियारों से काट डाला

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में शनिवार रात एक भयानक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. नकाशीपाड़ा ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नादिया जिला कांग्रेस के महासचिव अनीसुर रहमान तथा उनके 24 वर्षीय बेटे अबू सुफियान की अज्ञात हमलावरों ने निर्ममता से हत्या कर दी. घटना बेथुआडहरी-नागाडी रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई.

पिता-पुत्र कार से घर लौट रहे थे. अचानक हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. इसके बाद गाड़ी रोककर दोनों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. ज्यादा खून बहने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार यह हमला बेहद सुनियोजित तरीके से किया गया. इलाके में तनाव फैल गया है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

नकाशीपाड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि यह हत्या जेल में बंद तृणमूल कांग्रेस नेता जुब्बार शेख के इशारे पर इलाके पर कब्जा जमाने के लिए की गई. परिवार के सदस्यों ने भी राजनीतिक रंजिश का दावा किया है. हालांकि आरोपों की पुष्टि अभी बाकी है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर हुई यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है. कुछ रिपोर्ट्स में तीन लोगों की गिरफ्तारी का भी जिक्र है, जिनमें एक तृणमूल से जुड़ी पंचायत प्रमुख फातेमा बीबी शामिल बताई जा रही हैं. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.

Congress leader Murder Anisur Rahman Murder Abu Sufian Murder Nadia Murder

Recent News