नई दिल्ली: अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने शुक्रवार को जेन जी को लेकर अपना रुख बदल दिया. कुछ दिन पहले प्रदर्शनकारियों को गटर जनरेशन कहकर विवाद खड़ा करने वाली कंगना ने अब कहा कि जेन जी भारत की सबसे बड़ी ताकत और गौरव हैं. संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए कंगना ने कहा कि जेन जी हमारे देश की ताकत है और एक तरह से राष्ट्र के लिए बड़ी संपत्ति है. हमें खुशी है कि हमारे युवा तेजी से हमारी संस्कृति और पहचान के दूत के रूप में उभर रहे हैं.
मोहन भागवत के बयान का समर्थन
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के जेन जी के समर्थन में बयान के एक दिन बाद कंगना ने उनकी बातों का समर्थन किया. भागवत ने कहा था कि जेन जी की मांगों पर ध्यान दिया जाना चाहिए और युवाओं को राष्ट्र-विरोधी नहीं माना जाना चाहिए.
कंगना ने आगे कहा कि हमें मोहन भागवत जी, जिनका हम बहुत सम्मान करते हैं, को सुनने और उनके ज्ञान व अनुभव से लाभ लेने का अवसर भी मिला है. यह बेहद खुशी की बात है कि देश के युवा हमसे जुड़ रहे हैं और अपनी सांस्कृतिक पहचान को अपना रहे हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ 10-15 लोगों के व्यवहार के आधार पर पूरी जेन जी पीढ़ी को नहीं आंका जा सकता. जेन जी सरकार का हिस्सा हैं और उनका जनादेश ही सरकार को शक्ति देता है.