गाजियाबाद: सावन की कांवड़ यात्रा के दौरान गाजियाबाद पुलिस का एक मानवीय चेहरा सामने आया है. नंदग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) जियाउद्दीन अहमद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह मेरठ रोड स्थित घूकना मोड़ पर कांवड़ियों को खुद अपने हाथों से पानी की बोतलें बांटते नजर आ रहे हैं.
गाजियाबाद पुलिस ने आधिकारिक तौर पर यह वीडियो शेयर किया है. वीडियो में एसीपी जियाउद्दीन अहमद श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए दिख रहे हैं और उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना कर रहे हैं. कांवड़ियों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ उनका आभार जताया.
कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले एसीपी जियाउद्दीन अहमद के नाम पर विवाद भी हुआ था. विवादित हिंदूवादी नेता सत्यम पंडित ने उनके मुस्लिम होने का हवाला देते हुए यात्रा में उनकी ड्यूटी न लगाने की मांग की थी. पुलिस-प्रशासन ने इन मांगों को कोई तवज्जो नहीं दी और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी.
एसीपी जियाउद्दीन अहमद शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं. वे सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी खास ध्यान रख रहे हैं. उनका यह कदम सिर्फ ड्यूटी नहीं, बल्कि इंसानियत का संदेश भी दे रहा है.