रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के 14वें दिन शुक्रवार को बड़ा हंगामा हो गया. ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा जब छात्रों के समर्थन में रांची पहुंचीं, तो एक युवक ने उन पर स्याही फेंक दी. इस घटना के बाद मौजूद प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी.
बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. नेहा बोरा ने इस घटना पर कहा कि 20 जुलाई को हमारे ऊपर आंसू गैस के गोले फेंके गए, हमारे खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया. जब हम नहीं डरे तो ये साधारण स्याही हमारा क्या बिगाड़ सकती है?
AISA और अन्य संगठनों ने विधानसभा तक मार्च निकाला. प्रदर्शनकारियों का हुजूम बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ा. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल पर बैठे छह छात्रों से नेहा बोरा ने मुलाकात भी की.
नेहा बोरा दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान चर्चा में आई थीं. वे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ भूख हड़ताल पर भी बैठी थीं. झारखंड में छात्र JPSC और JSSC परीक्षाओं में हो रही कथित धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.