DM साहब बन गए मास्टर साहब, बच्चों को पढ़ाया गणित, वीडियो हुआ वायरल

Amanat Ansari 07 Aug 2026 12:05: PM 1 Mins
DM साहब बन गए मास्टर साहब, बच्चों को पढ़ाया गणित, वीडियो हुआ वायरल

कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के जिलाधिकारी (डीएम) आशुतोष द्विवेदी का एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वे स्कूल के बच्चों को खुद गणित का पाठ पढ़ाते नजर आ रहे हैं. क्षेत्र भ्रमण के दौरान डीएम आजमनगर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) आर.के. उच्च विद्यालय पहुंचे.

विद्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कक्षा में पहुंचकर टीचर का रोल निभाया. छात्रों को गणित के महत्वपूर्ण विषय त्रिकोणमिति के सवाल समझाए और प्रसिद्ध पाइथागोरस प्रमेय को बेहद सरल व रोचक तरीके से समझाया. छात्र-छात्राओं ने पूरी उत्सुकता के साथ डीएम की बातें सुनीं और प्रमेय की अवधारणा आसानी से समझ ली.

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सवाल-जवाब भी किए और विषय की व्यावहारिक उपयोगिता बताई. डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि गणित को कठिन विषय मानने के बजाय उसकी मूल अवधारणाओं को समझने का प्रयास करें. नियमित अभ्यास और एकाग्रता से हर विषय आसान हो जाता है. गणित जीवन के हर मोड़ पर काम आता है.

उन्होंने छात्रों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने, नियमित स्कूल आने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की. शिक्षा को सफलता का सबसे मजबूत आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत से कोई भी छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है. बच्चों ने इस अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताया. कई छात्रों ने संकल्प लिया कि मेहनत से पढ़कर सफल अफसर बनेंगे. डीएम का यह आत्मीय और प्रेरक अंदाज विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए यादगार बन गया.

bihar news dm bane teacher katihar dm teacher

Recent News