झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में माफिया अतीक अहमद के 21 वर्षीय बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत कितनी गंभीर चोटों के कारण हुई, इसकी तस्वीर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक अबान के शरीर पर कुल 23 चोटें मिलीं. तेज टक्कर के बाद उसके लीवर, लंग्स और तिल्ली फट गई थी. इसके अलावा पसलियां भी टूट गई थीं. शरीर के अंदर ज्यादा ब्लीडिंग होने के कारण उसकी मौत हुई. डॉक्टरों के मुताबिक मौत एक्सीडेंट में आई चोटों की वजह से हुई.
अबान के साथ कार में पीछे की सीट पर बैठे उसके साथी सोनू की भी हादसे में मौत हुई. पोस्टमार्टम में सोनू के सिर की हड्डी टूटने की बात सामने आई. उसके दोनों हाथों में फ्रैक्चर मिला. डॉक्टरों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल में किया. पहले अबान और उसके बाद सोनू का पोस्टमार्टम किया गया.
हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ इलाके में हुआ था. अबान अपने बड़े भाई अली अहमद से झांसी जेल में मिलने जा रहा था. कार में उसके साथ चार दोस्त थे। करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही कार डिवाइडर से टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब सात फीट हवा में उछल गई और उसके टुकड़े 40 फीट तक हाईवे पर बिखर गए. कार का बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ.
प्रत्यक्षदर्शी दीपक यादव के मुताबिक, अबान को कार से बाहर निकालते समय उसके मुंह से खून निकल रहा था. उसने अपना नाम अबान बताते हुए बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन इसके बाद वह बेहोश हो गया. हादसे में अबान और सोनू की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य साथी घायल हुए. पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव प्रयागराज ले जाए गए, जहां अंतिम संस्कार किया जाना है.