झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में सड़क हादसे में मारे गए माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान और उसके साथी सानू के शवों का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में किया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि जांच में किसी तरह की शंका की गुंजाइश न रहे.
यह दर्दनाक हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ था. जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि अबान और सानू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को उनके परिजन अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर प्रयागराज ले गए हैं, जहां उनका आगे इलाज कराया जाएगा. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शवों को भी परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
अबान के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उसके बड़े भाई अहजम निभाएंगे. अतीक अहमद परिवार में फिलहाल वही बाहर हैं और अंतिम संस्कार की सभी औपचारिकताओं का निर्वहन करेंगे. गौरतलब है कि अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की वर्ष 2023 में प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद परिवार लगातार मुश्किल दौर से गुजर रहा है. अब इस सड़क हादसे में अबान की मौत ने परिवार पर एक और बड़ा दुख ला दिया है.
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.