आगरा/दिल्ली: तथाकथित ऑनर किलिंग का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहने वाले एक पिता पर आरोप है कि उसने अपनी 18 वर्षीय अविवाहित और कथित गर्भवती बेटी की हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता लखपत सिंह बघेल ने बेटी को दवा दिलाने के बहाने 28-29 जुलाई को आगरा के बासौनी क्षेत्र ले जाया.
वहां चंबल नदी के घाट पर दामाद की मदद से उसे डुबोकर मार डालने का आरोप है. घटना के बाद पिता दिल्ली लौटकर बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. जांच के दौरान परिवार की कहानी पर शक हुआ. पूछताछ में पिता ने कथित तौर पर जुर्म कबूल किया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बेटी अविवाहित होने के बावजूद करीब चार महीने की गर्भवती थी, जिससे परिवार में बदनामी का डर था.
आश्चर्य की बात यह है कि आरोपियों ने घटना के बाद लाश के पैर छूकर माफी मांगने का नाटक भी किया और फोटो-वीडियो भी खिंचवाए, ताकि इसे आत्महत्या साबित किया जा सके. दिल्ली पुलिस ने आरोपी पिता और दामाद को गिरफ्तार कर लिया है.
दोनों को आगरा लाया गया है. चंबल नदी में PAC गोताखोरों की मदद से शव की तलाश जारी है, लेकिन अभी तक शरीर बरामद नहीं हो सका है. यह मामला समाज में ‘इज्जत’ के नाम पर हो रहे अपराधों पर फिर से सवाल खड़े करता है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.