सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की सेउता विधानसभा से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी से सभी रिश्ते तोड़ने का ऐलान कर दिया है. अनुज पर करीब 25 महिलाओं से शादी कर ठगी करने के गंभीर आरोप हैं. विधायक ने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ फेसबुक लाइव आकर भावुक होकर कहा कि मैं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा हूं. ऐसे लोगों से कोई रिश्ता नहीं रखना चाहता. उन्होंने समधी को फांसी की सजा देने की मांग की.
क्या है पूरा मामला?
2024 में ज्ञान तिवारी ने अपनी एमबीबीएस डॉक्टर बेटी की शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से की थी. बाद में पता चला कि अनुज त्रिवेदी पर अलग-अलग नामों से कई महिलाओं से शादी कर करोड़ों की ठगी के आरोप हैं. महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें मई 2026 में ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया था. वह फिलहाल जेल में हैं.
विधायक ने कहा कि अगर मेरी बेटी चाहेगी तो अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराएंगे. ऐसे दुष्ट लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए. यदि बेटा भी शामिल है तो उसे भी सजा मिले. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं के साथ छल करने वाले को सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए. अब उनका उस परिवार से कोई नाता नहीं रहा.