पटना/मुंबई: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा को उसके गढ़ में धूल चटाकर पहली बार विधायक बने जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर शुक्रवार को मुंबई पहुंच गए. वहां उन्होंने महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम और एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार से मुलाकात की. इस मुलाकात ने बिहार से महाराष्ट्र तक राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है.
मुलाकात साउथ मुंबई स्थित सुनेत्रा पवार के आवास ‘देवगिरी’ पर हुई. इस दौरान उनके बेटे पार्थ पवार भी मौजूद रहे. एनसीपी नेता संजय खोडके ने इस मुलाकात की पुष्टि की, लेकिन दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इस पर कोई जानकारी नहीं दी. राजनीतिक हलकों में यह मीटिंग चर्चा का विषय बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार की यह इस साल दूसरी मुलाकात है. अजीत पवार के निधन के बाद भी पीके ने उनसे मुलाकात की थी. पार्थ पवार का कहना है कि प्रशांत किशोर उनके परिवार के परिचित हैं और पवार परिवार से उनके अच्छे संबंध रहे हैं.
बता दें कि हाल ही में हुए बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा को करीब 19 हजार वोटों के अंतर से हराया था. यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी और लंबे समय से भाजपा का गढ़ मानी जाती थी. यहां पहले नितिन नवीन पांच बार और उनके पिता चार बार विधायक रह चुके हैं. लंबे समय तक चुनावी रणनीतिकार के रूप में काम करने वाले प्रशांत किशोर पहली बार विधायक बने हैं और अब उनकी अगली सियासी चालों पर सबकी नजर टिकी हुई है.
सुनेत्रा पवार जनवरी 2026 में पति अजीत पवार के विमान हादसे में निधन के बाद महाराष्ट्र की एनडीए सरकार में उपमुख्यमंत्री बनी थीं. हाल ही में विपक्षी कांग्रेस ने उन्हें ‘गूंगी गुड़िया’ कहकर निशाना बनाया था, जिस पर उन्होंने कहा था कि समय आने पर जवाब देंगे.
प्रशांत किशोर की इस मुलाकात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या बिहार में अपनी जीत के बाद वे महाराष्ट्र की राजनीति में भी कोई नई चाल चलने वाले हैं? फिलहाल दोनों तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सियासी हलचल जरूर तेज हो गई है.