श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति कमाने के लिए मुंबई गया हुआ था. इसी दौरान उसकी पत्नी, जो 5 बच्चों की मां है, अपने बुआ के बेटे के साथ इश्क लड़ाकर फरार हो गई.
साथ में घर के सोने-चांदी के जेवर और सारा कैश भी ले गई. घटना गिलौला थाना क्षेत्र की है. महिला अपने पांच बच्चों और सास के साथ घर पर रहती थी. इसी दौरान वह फोन पर चंडीगढ़ में मजदूरी करने वाले अपने बुआ के बेटे सूरज के संपर्क में आई.
सूरज मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है. मोबाइल पर घंटों बातें करने के दौरान दोनों के बीच दोस्ती बढ़ती गई और रिश्ते की मर्यादा भूलकर वे एक-दूसरे को दिल दे बैठे. प्रेम इतना गहरा हो गया कि महिला को अपने पति, परिवार और पांचों बच्चों की कोई परवाह नहीं रही.
अंत में वह सब कुछ छोड़कर सूरज के साथ भाग गई. पति को जब इसकी जानकारी मिली तो वह तुरंत घर पहुंचा. उसने बताया कि पत्नी करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और घर का सारा नकदी लेकर गई है. पति ने दोनों को ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
परिवार की सबसे बड़ी बेटी की शादी अगले साल तय है, जबकि सबसे छोटे बेटे की उम्र सिर्फ चार साल है. इस घटना से पूरा परिवार भविष्य की चिंताओं में डूबा हुआ है. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द महिला का पता लगा लिया जाएगा. इलाके में इस घटना की खूब चर्चा हो रही है.