मुंबई: साउथ मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ज्वेलरी डिस्ट्रीब्यूटर के कर्मचारी ने फिल्मी अंदाज में 1.20 करोड़ रुपए का हफ्ते भर का कलेक्शन उड़ा लिया. आरोपी ने असली पैसों से भरे ट्रॉली बैग को गत्ते के टुकड़ों से भरे हूबहू दिखने वाले नकली बैग से बदल दिया. पायधुनी पुलिस ने इस साजिश में शामिल 28 वर्षीय युवराज देवड़ा को गिरफ्तार कर लिया है.
उसके पास से चोरी गए 1.16 करोड़ रुपए की रिकवरी भी हो गई है. मुख्य आरोपी और उसके बड़े भाई पीरसिंह देवड़ा (30) की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, पायधुनी में इमिटेशन ज्वेलरी का कारोबार करने वाले 37 वर्षीय व्यवसायी विकास जैन ने अपने कर्मचारी पीरसिंह देवड़ा को दुकान से हफ्ते भर का 1.20 करोड़ रुपए का कलेक्शन दफ्तर लाने को कहा था.
पीरसिंह ने छोटे भाई युवराज के साथ मिलकर प्लान बनाया. वह कैश लेकर दफ्तर पहुंचा, लेकिन असली बैग गायब कर गत्ते से भरा नकली ट्रॉली बैग वहां रख दिया और फरार हो गया. जब विकास जैन सोमवार को बैंक में कैश जमा करने गए और बैग खोला, तो अंदर गत्ते के टुकड़े देखकर हैरान रह गए. कर्मचारी का फोन भी स्विच ऑफ मिला. उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
DCP आर. रागासुधा ने बताया कि आरोपी ने असली कैश गायब कर गत्ते से भरा बैग छोड़ दिया था. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर भाई को गिरफ्तार कर रिकवरी की है. मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत केस दर्ज किया गया है. जांच जारी है.