मुंबई: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के लिंबाला गांव में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल को शराब पीकर ड्यूटी पर आने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के हस्तक्षेप के बाद यह कार्रवाई हुई.
दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, “लिंबाला गांव वालों के लिए यह पहली बड़ी जीत है. शराबी प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया गया. मैं यह जीत अब्दुल और उनके दिवंगत पिता को समर्पित करता हूं.” उन्होंने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि अब रुकना नहीं है.
उनके मुताबिक, गांव वालों ने पांच बार लिखित शिकायत की थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाया. शनिवार को मुद्दा उठाने और आंदोलन की चेतावनी देने के बाद सुबह प्रिंसिपल को हटा दिया गया.
दीपके ने शिक्षा विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि अधिकारी अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल भेजते हैं, लेकिन गरीब-मजदूर-किसानों के बच्चों वाले सरकारी स्कूल सुधारने में दिलचस्पी नहीं लेते. CJP देशभर में स्कूल सुधार अभियान चला रही है.