नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने लॉ फैकल्टी के एक पीएचडी स्कॉलर को सस्पेंड कर दिया है. आरोप है कि उसने एक प्रोफेसर को थप्पड़ मारा. विश्वविद्यालय ने उसे तुरंत प्रभाव से परिसर में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया है. सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे उमंग भवन में यह घटना हुई.
यूनिवर्सिटी के प्रोक्टर कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में कहा गया कि स्कॉलर को लॉ फैकल्टी से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है. साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय अधिनियम, 1922 के ऑर्डिनेंस XV-B के तहत उसे किसी भी DU परिसर में प्रवेश की मनाही कर दी गई है.
यूनिवर्सिटी को घटना का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें स्कॉलर को प्रोफेसर पर हमला करते देखा जा सकता है. DU प्रोक्टर मनोज कुमार सिंह ने मीडिया से कहा, “घटना सोमवार सुबह हुई और छात्र को प्रोफेसर को थप्पड़ मारते देखा जा सकता है. इसकी जांच के लिए कमिटी गठित की गई है.”
स्कॉलर 2024-25 सत्र में फेज़-II के तहत लॉ फैकल्टी में एडमिशन लिया था. विश्वविद्यालय ने स्वतंत्र तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है. इसकी अध्यक्षता रसायन विभाग के राजीव गुप्ता कर रहे हैं. इतिहास विभाग के विपुल सिंह और हिंदी विभाग की सुधा सिंह इसके अन्य सदस्य हैं. समिति को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का काम सौंपा गया है.