सिलीगुड़ी में गाय चोरी के शक में मॉब लिंचिंग! भीड़ के हमले में दो युवकों की मौत, पिकअप वैन भी फूंकी

Amanat Ansari 03 Oct 2026 05:30 PM 1 Mins
सिलीगुड़ी में गाय चोरी के शक में मॉब लिंचिंग! भीड़ के हमले में दो युवकों की मौत, पिकअप वैन भी फूंकी

सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में गाय चोरी के शक में भीड़ की हिंसा का मामला सामने आया है. माटीगाड़ा के ताराबाड़ी इलाके में शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने कथित मवेशी चोरी के शक में एक पिकअप वैन और एक छोटी गाड़ी को घेर लिया. इसके बाद भीड़ जुट गई और मारपीट शुरू हो गई.

गुस्साई भीड़ ने पहले पिकअप वैन में आग लगा दी. वैन के ड्राइवर शाहिद अख्तर को बुरी तरह पीटा गया. आरोप है कि उनके सिर पर भारी पत्थर से वार किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. शाहिद अख्तर उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा के रहने वाले थे.

दूसरी छोटी गाड़ी में चार लोग सवार थे. हालात बिगड़ते देख वे गाड़ी छोड़कर भागने लगे. भीड़ ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और उनका पीछा किया. चारों ताराबाड़ी से भागते हुए बागडोगरा के धीमल बस्ती तक पहुंच गए. वहां भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया और कथित तौर पर बुरी तरह पीटा.

इनमें से एक युवक किसी तरह भागकर पानीघाटा पहुंच गया और पुलिस स्टेशन पहुंचा. बाकी तीन को माटीगाड़ा और बागडोगरा पुलिस ने मौके से बचाया. मारपीट में घायल तीन लोगों को नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया. इलाज के दौरान शाद मोहम्मद नाम के युवक की मौत हो गई. इस तरह पूरे घटनाक्रम में दो लोगों की मौत हो चुकी है—एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल में.

दूसरी गाड़ी में सवार युवक आमिर, शाद मोहम्मद, आरिफ और अकरम हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं. एसीपी ईस्ट अनिर्बान मजूमदार के अनुसार, पुलिस को सुबह घटना की जानकारी मिली. माटीगाड़ा और बागडोगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि माटीगाड़ा इलाके में लंबे समय से मवेशियों की चोरी हो रही थी, इसलिए ग्रामीण संदिग्ध वाहनों पर नजर रखे हुए थे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दोनों गाड़ियों में सवार लोगों की पहचान, उनके आने का कारण और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.

Siliguri Mob Attack Cattle Theft Suspicion Mob Attack Siliguri

Recent News