एकतरफा मोहब्बत नाकाम, तो सरकारी ऑफिस के महिला वॉशरूम में लगा दिया कैमरा!

Amanat Ansari 01 Jun 2026 01:22: PM 1 Mins
एकतरफा मोहब्बत नाकाम, तो सरकारी ऑफिस के महिला वॉशरूम में लगा दिया कैमरा!

जगतसिंहपुर: ओडिशा के जगतसिंहपुर स्थित एक सरकारी कार्यालय में महिलाओं के वॉशरूम में लगाए गए हिडन कैमरे की जांच के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. एक जूनियर क्लर्क ने अपनी महिला सहकर्मी के प्रति एकतरफा मोहब्बत नाकाम होने के बाद यह गैजेट लगाया था. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अंकित वर्मा ने प्रेस को बताया कि आरोपी संजय अधेकर ने कार्यालय की एक महिला कर्मचारी के प्रति आकर्षण विकसित कर लिया था. जब महिला ने उसकी तरफ से आने वाले प्रस्तावों को सकारात्मक जवाब नहीं दिया, तो आरोपी ने उसकी निजी गतिविधियां रिकॉर्ड करने के लिए वॉशरूम में कैमरा लगा दिया.

पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि कैमरे से कोई फुटेज रिकॉर्ड हुई, सहेजी गई या शेयर की गई या नहीं, और क्या इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था. जांच में पता चला कि संजय अधेकर ने यूट्यूब से छिपे कैमरों के इस्तेमाल के बारे में जानकारी हासिल की और बाद में ऑनलाइन एक हिडन कैमरा खरीदा. यह डिवाइस जनवरी में खरीदा गया था और मार्च में वॉशरूम में लगाया गया.

पुलिस के अनुसार, कैमरा कई महीनों तक सक्रिय रहा. आरोपी हर हफ्ते कैमरे को निकालकर चार्ज करता था और फिर उसी जगह पर दोबारा लगा देता था ताकि किसी का ध्यान न जाए. जांच के दौरान पुलिस ने कैमरा, एक मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और CCTV हार्ड डिस्क जब्त कर ली है. सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं ताकि रिकॉर्डिंग की पूरी डिटेल और कोई अन्य सबूत मिल सके.

DRDA कार्यालय में प्राइवेसी का खतरा

पिछले हफ्ते डिस्ट्रिक्ट रूरल डेवलपमेंट एजेंसी (DRDA) कार्यालय के महिलाओं के वॉशरूम में हिडन कैमरा मिलने से काफी आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी. इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी हुए. कर्मचारियों और महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सरकारी कार्यालयों में प्राइवेसी की बेहतर सुरक्षा की मांग की है. पुलिस ने पहले ही आश्वासन दिया है कि इस अपराध से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Jagatsinghpur hidden camera case Odisha DRDA office women washroom camera

Recent News