सीकर : राजस्थान के सीकर में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों को 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में अयोध्या साइबर क्राइम थाने के सब-इंस्पेक्टर यशवंत सिंह और तीन कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, सोहनलाल व गौरव चारग शामिल हैं.
ACB के मुताबिक, मामला अयोध्या साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा से जुड़ा है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके भाई का नाम मुकदमे से हटाने के बदले पुलिसकर्मियों की ओर से रिश्वत मांगी जा रही है. शिकायत मिलने के बाद ACB ने 17 अगस्त को रिश्वत मांगने का सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान कथित तौर पर 4 लाख रुपये की मांग सामने आई. बातचीत के बाद सौदा 2.80 लाख रुपये में तय हुआ.
इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई. तय रकम लेने के लिए अयोध्या से पुलिसकर्मी करीब 850 किलोमीटर दूर सीकर पहुंचे. मंगलवार को जैसे ही कांस्टेबल सोहनलाल ने परिवादी से 2.80 लाख रुपये की रकम ली, ACB टीम ने दबिश देकर चारों को पकड़ लिया. अधिकारियों के अनुसार रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई.
रिपोर्टों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने मौके से निकलने की कोशिश भी की और ACB की गाड़ी को टक्कर मारने की बात सामने आई है. हालांकि टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.
चारों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह घटना पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.