प्रेमिका ने रॉड से पीट-पीटकर की हत्या, ट्रक के केबिन में डालकर जला दी प्रेमी की लाश; एक महीने बाद पुलिस ने खोला राज

Amanat Ansari 18 Aug 2026 08:33 PM 1 Mins
प्रेमिका ने रॉड से पीट-पीटकर की हत्या, ट्रक के केबिन में डालकर जला दी प्रेमी की लाश; एक महीने बाद पुलिस ने खोला राज

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक ट्रक ड्राइवर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रेमिका ने लोहे की रॉड से प्रेमी की हत्या कर दी और उसकी लाश को ट्रक के केबिन में डालकर आग लगा दी, ताकि घटना को हादसा दिखाया जा सके. लगभग एक महीने बाद पुलिस ने इस रहस्य को सुलझा लिया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

मामला थाना बिलासपुर के गांव बड़ा बौसेना का है. मृतक बलविंदर सिंह ट्रक ड्राइवर थे. बीते 10 जुलाई को वह रुद्रपुर (उत्तराखंड) से सामान लेकर नेपाल बॉर्डर जा रहे थे. पीलीभीत हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास उनके ट्रक के केबिन में जला हुआ शव मिला था. शुरुआत में पुलिस ने इसे हादसा माना. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धुएं में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी.

परिवार की शक और जांच

बलविंदर के परिजनों को हादसे पर यकीन नहीं हुआ. उन्होंने हाईवे के सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें ट्रक करीब तीन घंटे तक गायब पाया गया. परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया. लगभग 15 दिन पहले पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गहन जांच शुरू की.

खुलासा और गिरफ्तारी

जांच में सामने आया कि हत्या बलविंदर की प्रेमिका अमनदीप कौर (पत्नी सुखविंद्र सिंह) ने की है. अमनदीप ने पुलिस को बताया कि पिछले तीन साल से बलविंदर से उसका अफेयर चल रहा था. वह संबंध खत्म करना चाहती थी. बलविंदर के पास उसके अश्लील फोटो-वीडियो थे, जिन्हें वायरल करने की धमकी वह दे रहा था. परेशान होकर अमनदीप ने हत्या की योजना बनाई.

घटना के समय अमनदीप थाना गजरौला क्षेत्र में अपने मायके में आई हुई थी. उसने रॉड से बलविंदर की हत्या की, लाश ट्रक में डाली और डीजल छिड़ककर आग लगा दी. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी उसके पास से बरामद की. मंगलवार को अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

कोतवाल पवन कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी महिला संबंध समाप्त करना चाहती थी, इसलिए उसने हत्या कर दी. एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि कॉल डिटेल और तथ्यों के आधार पर मामले का खुलासा हुआ.

Truck driver murdered girlfriend murdered body burnt in truck

Recent News