यूपी पुलिस का फिर बजा डंका! लगातार तीसरी बार जीता ‘बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड’, ट्रेड शो में दिखी आधुनिक पुलिसिंग

Global Bharat 30 Sep 2026 12:09 AM 1 Mins
यूपी पुलिस का फिर बजा डंका! लगातार तीसरी बार जीता ‘बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड’, ट्रेड शो में दिखी आधुनिक पुलिसिंग

ग्रेटर नोएडा : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस के स्टॉल ने लगातार तीसरे वर्ष बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड अपने नाम किया. ट्रेड शो के हॉल नंबर-4 में लगाए गए यूपी पुलिस के स्टॉल पर पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में विजिटर्स पहुंचे. यहां लोगों को यूपी पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली, तकनीक आधारित पुलिसिंग, जनसुरक्षा और विभिन्न पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई.

स्टॉल पर साइबर अपराध से बचाव, यूपी 112 की सेवाओं, आधुनिक पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया. युवाओं और बच्चों ने भी पुलिस की तकनीक, उपकरणों और सेवाओं को करीब से जाना. विजिटर्स को यह समझने का अवसर मिला कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग किस तरह तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी हो रही है.

इस उपलब्धि के लिए आयोजित सम्मान समारोह में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड प्रदान किया. उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम, मुख्यालय उत्तर प्रदेश राजेश कुमार यादव और प्रभारी मीडिया सेल, यूपी 112 करुणा शंकर सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया.

यूपी पुलिस के स्टॉल को लगातार तीसरी बार यह सम्मान मिला है. इससे पहले 2024 और 2025 में भी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में पुलिस के स्टॉल को बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड से सम्मानित किया गया था. लगातार तीन वर्षों तक यह उपलब्धि हासिल करना ट्रेड शो में यूपी पुलिस के स्टॉल की लगातार बनी लोकप्रियता को दर्शाता है.

स्टॉल पर पुलिस के गौरवशाली इतिहास से लेकर आधुनिक पुलिसिंग तक की झलक दिखाई गई. खास तौर पर साइबर सुरक्षा और आपातकालीन सहायता जैसी सेवाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई. यूपी 112 के जरिए मिलने वाली सहायता और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों को भी आसान तरीके से समझाया गया.

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में यूपी पुलिस का स्टॉल सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक की बढ़ती भूमिका को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख आकर्षण रहा. बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और आधुनिक सेवाओं के बारे में जानकारी ली.

UP Police UP International Trade Show 2026 Best Display Award UP 112 Cyber Crime Prevention

Description of the author

Recent News