ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का मंगलवार को समापन हो गया. पांच दिन तक चले इस आयोजन में कारोबार, निवेश और उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ युवाओं के लिए करियर के नए दरवाजे भी खुले. एक्सपो में पहुंचे युवाओं को अलग-अलग विश्वविद्यालयों, बैंकों, इंश्योरेंस कंपनियों, मेडिकल और फार्मा संस्थानों के जरिए शिक्षा, रोजगार, इंटर्नशिप और कौशल विकास से जुड़े विकल्पों की जानकारी मिली. इस लिहाज से ट्रेड शो युवाओं के लिए सिर्फ व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि करियर की दिशा तलाशने का मंच भी बना.
ट्रेड शो में 160 से अधिक निजी और सरकारी विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीयकृत व निजी बैंकों और इंश्योरेंस कंपनियों ने भागीदारी की. पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और भारतीय स्टेट बैंक समेत कई बैंकिंग संस्थानों ने युवाओं को बैंकिंग सेवाओं के साथ इस सेक्टर में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी. युवाओं को बताया गया कि बैंकिंग क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए किन तरह की स्किल्स और प्रोफेशनल क्षमताओं की जरूरत होती है.
इंश्योरेंस सेक्टर से जुड़े संस्थानों ने भी युवाओं को रोजगार की बदलती तस्वीर से परिचित कराया. वहीं, विश्वविद्यालयों के पवेलियन में विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रोफेशनल कोर्स, इंटर्नशिप और रोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई. इससे छात्रों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विकल्प तलाशने का अवसर मिला.
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ का पवेलियन भी युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा. नई दिल्ली से आईं उत्तरा सक्सेना ने बताया कि उन्होंने स्पोर्ट्स जर्नलिज्म को करियर विकल्प के रूप में चुना है. ट्रेड शो में आने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि दिल्ली से ज्यादा दूर नहीं, मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में भी इससे जुड़ा पाठ्यक्रम उपलब्ध है. उनके लिए यह जानकारी करियर के नए विकल्प से जुड़ने वाली रही.
मेडिकल और फार्मा क्षेत्र ने भी युवाओं को कई नए रास्ते दिखाए. राजश्री मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, बरेली, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ समेत कई संस्थानों ने अपने पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा की. विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों के बारे में भी बताया गया.
फार्मा कंपनियों ने दवा उद्योग में रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स, रिसर्च, उत्पादन, क्वालिटी और दूसरे उभरते क्षेत्रों की जानकारी दी. इससे युवाओं को यह समझने का मौका मिला कि मेडिकल और हेल्थ सेक्टर में करियर केवल डॉक्टर बनने तक सीमित नहीं है.
ट्रेड शो की यह तस्वीर उत्तर प्रदेश सरकार की उस व्यापक दिशा से भी जुड़ती है, जिसमें निवेश, उद्योग, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को एक-दूसरे से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को निवेश और उद्योग के साथ युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.
समापन के दिन ट्रेड शो से लौटते युवाओं के पास कंपनियों और संस्थानों की जानकारी के साथ करियर के कई नए विकल्प भी थे. इस तरह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ने व्यापार और निवेश के साथ युवाओं के लिए करियर और कौशल की पाठशाला का रूप भी पेश किया.