एटा : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में महज 200 रुपये के परीक्षा शुल्क को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र का पिता पर तमंचा लेकर स्कूल पहुंच गया. प्रधानाचार्य और कर्मचारियों से कहासुनी के दौरान उसने गोली चला दी. गोली प्रधानाचार्य के कार्यालय के दरवाजे पर लगी. गनीमत रही कि फायरिंग की इस घटना में किसी को चोट नहीं आई. घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मामला नयागांव थाना क्षेत्र के बनी गांव स्थित संकट मोचन इंटर कॉलेज का बताया जा रहा है. कदरागंज गांव निवासी सतेंद्र कुमार के दो बच्चे इसी स्कूल में पढ़ते हैं. स्कूल की ओर से विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क के रूप में 200 रुपये जमा करने को कहा गया था. इसी रकम को लेकर सतेंद्र कुमार नाराज बताया जा रहा है.
प्रधानाचार्य सुशील कुमार के मुताबिक, मंगलवार को सतेंद्र कुमार पर तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा. वहां उसने प्रधानाचार्य और कर्मचारियों से परीक्षा शुल्क को लेकर बहस शुरू कर दी. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान सतेंद्र कुमार ने तमंचे से फायर कर दिया.
गोली प्रधानाचार्य के कार्यालय के गेट में जा लगी. अचानक गोली चलने की आवाज से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया. शिक्षक और कर्मचारी घबरा गए. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सतेंद्र कुमार को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा भी बरामद किए जाने की बात कही है. अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फायरिंग की पूरी वजह तथा घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
महज 200 रुपये के शुल्क को लेकर स्कूल परिसर में हथियार पहुंचने और गोली चलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, इस मामले में किसी के घायल नहीं होने से बड़ी अनहोनी टल गई.