सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, यहां करीब 20 साल की शादीशुदा जिंदगी के बाद पत्नी को दूसरे युवक से प्यार हो गया. मामला इतना आगे बढ़ा कि महिला ने पति का घर छोड़ दिया और अपने प्रेमी के साथ रहने लगी. इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी.
जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम नीलम बताया जा रहा है. नीलम को कपिल नाम के युवक से प्रेम हो गया था. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो नीलम ने अपने पति राजेन्द्र सिंह का घर छोड़ दिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली और करीब चार दिनों से साथ रह रहे थे.
इधर पत्नी के घर छोड़कर जाने की खबर से राजेन्द्र बेहद नाराज था. आरोप है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ कपिल के घर पहुंच गया. वहां पहुंचते ही विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि राजेन्द्र और उसके साथियों ने कपिल और नीलम की पिटाई शुरू कर दी.
इसी दौरान विवाद ने बेहद खौफनाक मोड़ ले लिया. आरोप है कि राजेन्द्र ने नीलम की नाक काट दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.