ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का बड़ा मंच बनकर उभरा. यूपीआईटीएस-2026 में पहली बार शामिल हुई नोएडा की सिंगारी इंडस्ट्रीज ने पांच दिवसीय आयोजन के दौरान 15 देशों के प्रतिनिधियों के साथ 201 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के एमओयू किए. कंपनी ने ट्रेड शो के दौरान 50 से अधिक बी2बी बैठकें कीं और अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने पेश किया.
हॉल नंबर-14 के स्टॉल 01/61 पर कंपनी ने नोएडा के सेक्टर-80 स्थित अपने संयंत्र में निर्मित एयर कूलर और वॉशिंग मशीनों का प्रदर्शन किया. कंपनी के मुताबिक, यूपीआईटीएस में भागीदारी से उसे घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय कारोबार के लिए नए साझेदारों से सीधे संवाद का अवसर मिला.
सिंगारी इंडस्ट्रीज के सीईओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेड शो में नाइजीरिया, इथियोपिया, बोत्सवाना, श्रीलंका, दुबई, केन्या, तंजानिया, ओमान, ब्रिटेन, भूटान, कैमरून और युगांडा समेत कई देशों के प्रतिनिधियों ने कंपनी के उत्पादों में रुचि दिखाई. बैठकों में उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन, कीमत, उत्पादन क्षमता, आपूर्ति व्यवस्था और बाजार की जरूरतों पर चर्चा हुई.
पांच दिनों में हुई 50 से अधिक बी2बी बैठकों के बाद कंपनी ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ 201 करोड़ रुपये से ज्यादा के एमओयू किए, इससे कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने उत्पादों के विस्तार की नई संभावनाएं मिली हैं.
प्रबंध निदेशक डॉ. योगेंद्र सिंह ने कहा कि यूपीआईटीएस के जरिए नोएडा में निर्मित उत्पादों को सीधे विदेशी खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर मिला. कंपनी ने अपने मेड इन इंडिया और मेड इन यूपी उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक डिजाइन और प्रतिस्पर्धी कीमत को प्रदर्शित किया.
कंपनी प्रतिनिधियों के अनुसार, विदेशी खरीदारों के साथ हुई बातचीत से अलग-अलग देशों की बाजार आवश्यकताओं को समझने में भी मदद मिली. इससे भविष्य में उत्पादों और आपूर्ति रणनीति को अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुरूप विकसित करने का रास्ता खुलेगा.
सिंगारी इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित यूपीआईटीएस जैसे मंच प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक खरीदारों से सीधे जोड़ रहे हैं. कंपनी के निदेशक गजेंद्र सिंह और निदेशक-वित्त नीरज गर्ग भी इस दौरान मौजूद रहे.