एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़, सिर पर 10 लाख डॉलर का इनाम!

Global Bharat 29 Sep 2026 10:23 AM 1 Mins
एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़, सिर पर 10 लाख डॉलर का इनाम!

नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात भगोड़े सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर अमेरिका ने शिकंजा कस दिया है. FBI ने 28 सितंबर 2026 को बराड़ को अपनी टेन मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया है. उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले को 10 लाख डॉलर तक यानी करीब 8.8-9 करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया गया है.

FBI के मुताबिक गोल्डी बराड़ अमेरिका में रहकर लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप के उत्तरी अमेरिकी नेटवर्क का कथित नेतृत्व कर रहा था. उस पर जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संघीय आरोप हैं. अमेरिकी जांच एजेंसियों के अनुसार उसके नेटवर्क पर अमेरिका और कनाडा में टारगेटेड हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, धमकी, एक्सटॉर्शन और हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं.

FBI की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि बराड़ को बेहद हिंसक, हथियारबंद और खतरनाक भगोड़ा माना जाता है. एजेंसी के अनुसार वह कैलिफोर्निया और कनाडा के अलग-अलग हिस्सों में रह चुका है. एफबीआई ने आम लोगों से उसे खुद पकड़ने या उससे संपर्क करने के बजाय सीधे कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचना देने की अपील की है.

अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक जुलाई 2026 में ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत भारत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई थी. इस कार्रवाई में तीन अलग-अलग मामलों में 37 आरोपियों के खिलाफ अभियोग सामने आए और कई गिरफ्तारियां हुईं. बराड़ से जुड़ा मामला भी इसी कार्रवाई का हिस्सा है.

एफबीआई की सूची में शामिल होना गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई को नए स्तर पर ले जाता है. अब अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं.

Goldy Brar FBI Most Wanted Lawrence Bishnoi Gang Goldy Brar Reward Satinderjeet Singh

Description of the author

Recent News