नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है. इसमें उत्तर प्रदेश से एक अहम मुस्लिम चेहरे को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के पूर्व कुलपति और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य प्रोफेसर तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
नितिन नबीन द्वारा जारी सूची के अनुसार, राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और प्रोफेसर तारिक मंसूर दोनों को जगह मिली है. यह नियुक्ति आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की सामाजिक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व की रणनीति के रूप में देखी जा रही है.
कौन हैं प्रोफेसर तारिक मंसूर?
प्रोफेसर तारिक मंसूर एक प्रख्यात शिक्षाविद्, सर्जन और सार्वजनिक हस्ती हैं. वे 2017 से 2023 तक अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति रहे. पेशे से सर्जन मंसूर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और सर्जरी विभाग के प्रमुख भी रह चुके हैं. अप्रैल 2023 में उन्हें राज्यपाल द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य नामित किया गया था. वे पद्म पुरस्कार समिति और मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य भी रह चुके हैं.
पार्टी इस नियुक्ति के जरिए मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध वर्ग और पसमांदा समुदाय को जोड़ने का संदेश देने की कोशिश कर रही है. नितिन नबीन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी.