झारखंड में करणी सेना नेता की मौत से भारी बवाल! जमशेदपुर में घंटों हंगामा, SP की गाड़ी तोड़ी, सड़क जाम

Amanat Ansari 30 Jun 2026 05:22: PM 1 Mins
झारखंड में करणी सेना नेता की मौत से भारी बवाल! जमशेदपुर में घंटों हंगामा, SP की गाड़ी तोड़ी, सड़क जाम

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की चाकूबाजी में मौत के बाद सोमवार देर शाम इलाके में घंटों तक हंगामा मचा रहा. बिष्टुपुर में डबल डाउन बार के बाहर शनिवार रात हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु की टीएमएच अस्पताल में 44 घंटे बाद मौत हो गई. मौत की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा.

सैकड़ों लोग टीएमएच अस्पताल पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. प्रदर्शन तेज होते हुए बिष्टुपुर गोलचक्कर तक पहुंच गया, जहां आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर दी. ट्रक और बसों की मदद से रोड ब्लॉक किया गया, टायर जलाए गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

प्रदर्शनकारियों ने सिटी SP ललित मीणा की गाड़ी को घेरकर उसमें तोड़फोड़ कर दी. एक PCR वैन को भी भीड़ ने घेर लिया, जिससे ड्राइवर घबरा गया और वैन एक बिल्डिंग से टकरा गई. इसके बाद भीड़ ने वैन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हिमांशु की मां थाने के अंदर घुस गईं और आरोपियों को उनके सामने पेश करने की मांग की.

पत्नी रिचा सिंह कई बार बेहोश हुई, जिन्हें समर्थकों ने संभाला. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और गश्ती दल के दो ASI समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया. भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 11 लोगों पर FIR दर्ज की गई है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है.

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों का एनकाउंटर करने और पूरे मामले की STF जांच कराने की मांग की है. कुछ लोगों ने हिमांशु की हत्या पुलिस कस्टडी में होने का आरोप भी लगाया. एसएसपी पीयूष पांडे ने स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए, लेकिन फिलहाल तनाव बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

Karni Sena leader Murder Himanshu singh Murder Jharkhand News Jharkhand crime Jamshedpur Murder

Recent News