Private video viral: मध्यप्रदेश के रीवा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. महज सात महीने पहले हुई शादी में पति ने अपनी ही पत्नी की निजता को पूरी तरह कुचल दिया. दहेज की बाकी एक लाख रुपये की रकम न मिलने पर उसने पत्नी के बेडरूम के अंतरंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए. पुलिस का कहना है कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
पीड़िता ने मंगलवार को रीवा महिला थाने में पहुंचकर अपने पति के खिलाफ FIR दर्ज कराई. उसने पुलिस को बताया कि 10 मई 2025 को उसकी शादी हुई थी. शादी के समय पति पक्ष ने तीन लाख रुपये दहेज मांगे थे, जिनमें से दो लाख रुपये दे दिए गए थे. बची हुई एक लाख रुपये की रकम बार-बार मांगने पर भी नहीं देने की वजह से पति लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना कर रहा था.
पत्नी के अनुसार, शादी के शुरुआती दिनों में पति ने विश्वास का फायदा उठाते हुए उसके निजी पलों के वीडियो अपने मोबाइल में बना लिए थे. जब एक लाख रुपये नहीं मिले तो उसने धमकी दी और फिर वही वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वायरल करवा दिए. इससे पूरे इलाके में महिला की बदनामी हो रही है और वह गहरे सदमे में है.
महिला थाना प्रभारी कल्याणी पाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया है. दहेज प्रताड़ना, निजता भंग करने और IT एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी गई है और वीडियो हटाने के लिए साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है.