शाहजहांपुर में खौफनाक वारदात: पत्नी को गोली मारकर हत्या, फिर बेटे-नाती और पुलिस पर तमंचा ताना, खुद भी की आत्महत्या की कोशिश

Amanat Ansari 15 Jul 2026 04:36: PM 1 Mins
शाहजहांपुर में खौफनाक वारदात: पत्नी को गोली मारकर हत्या, फिर बेटे-नाती और पुलिस पर तमंचा ताना, खुद भी की आत्महत्या की कोशिश

शाहजहांपुर: जमीन के बंटवारे को लेकर नाराज एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की क्रूर हत्या कर दी. इसके बाद उसने बेटे, नाती और पुलिसकर्मियों पर भी तमंचा तान दिया. आखिर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की. मंगलवार शाम गांव मोहलिया वीरान में यह दिल दहला देने वाली घटना हुई.

आरोपी हरपाल सिंह (वृद्ध) ने खेत से घास लेकर लौट रही अपनी 63 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी को गोमती नदी के किनारे रास्ते में रोका और सीने में गोली मार दी. पत्नी की हत्या के बाद हरपाल का गुस्सा शांत नहीं हुआ. वह तमंचा लेकर गांव पहुंचा और बेटे जंगबहादुर को मारने की मंशा से उसे तलाशने लगा.

सूचना मिलते ही जंगबहादुर खेतों में छिप गया. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को घेरा तो हरपाल ने पुलिसवालों पर भी तमंचा तान दिया. पास खड़े नाती विकास को निशाना बनाया, लेकिन वह भी भाग निकला. जब सिपाही फिरोज अली उसे पकड़ने आगे बढ़े, तो हरपाल ने खुद अपने पेट में गोली मार ली. गोली सिपाही को छूती हुई निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बचा. 

पुलिस ने तमंचा छीनकर आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. परिवार के अनुसार हरपाल और लक्ष्मी देवी के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. लक्ष्मी देवी दूसरे बेटे जंगबहादुर के पास रहती थीं, जबकि हरपाल बड़े बेटे नरोत्तम के पास.

सुबह भी इसी मुद्दे पर दोनों में कहासुनी हुई थी. एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू रंजिश सामने आई है. तमंचा कहां से आया, इसकी भी जांच की जा रही है. बेटे जंगबहादुर ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है. 

Shahjahanpur Murder Wife Murder Man Shot Wife Man Killed Wife

Recent News