Mumbai Crime News: मुंबई में एक बेहद दर्दनाक घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है. एक युवक ने अपनी पत्नी को घर में बंद करके घंटों तक शारीरिक और मानसिक यातना दी. जब पीड़िता जान बचाकर अपने माता-पिता के घर पहुंची, तो आरोपी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गया और चाकू से हमला बोल दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र 25 वर्ष है और उसका नाम अरबाज सैयद है. पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा होने पर अरबाज ने गुस्से में आकर उसे घर के अंदर कैद कर लिया.
उसने तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और चेहरे पर तेजाब फेंकने की भी बात कही. आरोपी ने अपनी पत्नी को सजा के रूप में करीब चार घंटे तक मुर्गा बनाकर बैठाए रखा और इस दौरान लगातार मारपीट भी की. पीड़िता किसी तरह इस यातना से बच निकली और सीधे अपने मायके चली गई. लेकिन अरबाज का क्रोध अभी भी शांत नहीं हुआ था. वह पत्नी के पीछे-पीछे मायके पहुंच गया. वहां परिजनों ने उसे रोका तो उसने चाकू निकाल लिया और पत्नी पर लगातार वार कर दिए. परिवार वालों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अरबाज को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
जांच में पता चला कि अरबाज पहले से ही एक कुख्यात अपराधी है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 19 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अरबाज के खिलाफ हत्या के प्रयास, बंधक बनाने और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है. यह मामला एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है.