नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पहले तो पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया, लेकिन बाद में पुलिस ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला था. नरवर थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पास, दिनदहाड़े एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों को एक कार में जबरन बैठाकर ले जाया गया.
शिवपुरी में महिला और उसके बच्चे का सरेआम अपहरण, पति पर है आरोप @NavbharatTimes #nbtmp pic.twitter.com/EibvgAOfzW
— NBTMadhyapradesh (@NBTMP) January 14, 2026
सीसीटीवी फुटेज में तीन युवकों द्वारा महिला-बच्चों को पकड़कर कार में डालते हुए साफ दिखाई दिया. इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भय और गुस्सा दोनों फैल गया. सबने इसे गंभीर अपहरण की घटना मान लिया. पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. कई घंटों की पड़ताल, लोगों से बातचीत और ठिकानों की तलाश के बाद एक चौंकाने वाला सच सामने आया.
जिन लोगों ने महिला और बच्चों को कार में ले जाया, उनमें मुख्य व्यक्ति महिला का पति ही था. जानकारी के अनुसार, महिला का नाम पार्वती जाटव है, जो नरवर में अपने मायके में रह रही थी. उसकी शादी मंगरौनी के जगन्नाथ उर्फ जगत सिंह जाटव से हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. शादी के बाद पारिवारिक विवाद और दहेज प्रताड़ना के आरोपों के चलते करीब 6 साल पहले पार्वती अपने बच्चों के साथ मायके आ गई थी और वहीं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का ध्यान रख रही थी.
पुलिस का कहना है कि अभी तक पार्वती या जगन्नाथ के ठिकाने का कोई सुराग नहीं मिला है. जगन्नाथ के गांव मंगरौनी में भी वे नहीं पहुंचे. पुलिस की टीम उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. हालांकि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई है.
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया कि जगन्नाथ ने अचानक ऐसा कदम क्यों उठाया और वह अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर कहां गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.