नई दिल्ली: हरियाणा के फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक 25 वर्षीय विवाहित महिला, जो तीन बच्चों की मां है और पति से अलग रह रही थी, घर में मां से झगड़े के बाद सहेली के घर गई थी. लौटते समय देर रात सवारी का इंतजार कर रही थी, तभी दो युवकों ने लिफ्ट का ऑफर दिया. महिला ने भरोसा कर मारुति ईको वैन में बैठ गई.
आरोपियों ने उसे घर छोड़ने के बजाय फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड की ओर ले जाकर चलती वैन में उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसकी बुरी तरह पिटाई की गई और कपड़े फाड़ दिए गए. करीब ढाई से तीन घंटे तक यह हैवानियत जारी रही. सुबह करीब 3 बजे एसजीएम नगर के राजा चौक के पास चलती वैन से उसे धक्का देकर फेंक दिया गया, जिससे उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं और कई टांके लगे.
लहूलुहान और बदहवास हालत में सड़क पर पड़ी महिला ने किसी तरह अपनी बहन को फोन किया. बहन ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. बहन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. सीसीटीवी फुटेज की मदद से वैन का पता लगाया गया और दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया.
वैन भी बरामद हो गई है. पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. यह घटना महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है, खासकर देर रात सड़कों पर. पुलिस ने सलाह दी कि ऐसी स्थिति में 112 नंबर पर तुरंत कॉल करना चाहिए.