जियारत के लिए आई महिला को बेहोश कर होटल कर्मी ने किया रेप, वीडियो बनाकर 2 साल तक किया ब्लैकमेल

Amanat Ansari 25 Nov 2025 11:11: PM 1 Mins
जियारत के लिए आई महिला को बेहोश कर होटल कर्मी ने किया रेप, वीडियो बनाकर 2 साल तक किया ब्लैकमेल

अजमेर: ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर मत्था टेकने आई भीलवाड़ा की एक महिला के साथ होटल कर्मचारी ने घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने दो साल पहले महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया, रेप किया और अश्लील वीडियो बना लिया. इसके बाद पूरे दो वर्ष तक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा.

पीड़िता के अनुसार, साल 2022 में वह अकेले दरगाह ज़ियारत के लिए अजमेर आई थी. रेलवे स्टेशन के पास एक छोटे होटल में कमरा लिया. होटल में काम करने वाला अता मोहम्मद शाह ने चाय-नाश्ते में नशीला पदार्थ मिला दिया. जब महिला बेहोश हो गई तो आरोपी ने कमरे में ही वारदात को अंजाम दिया और मोबाइल से वीडियो बना लिया.

होश आने पर जब महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने वीडियो दिखाकर चुप करा दिया. इसके बाद दो साल तक वह फोन और मैसेज के ज़रिए लगातार धमकाता रहा. पहले तो चुप रहने को कहा, फिर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने लगा. जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए.

आखिरकार परेशान होकर पीड़िता ने भीलवाड़ा में जीरो एफआईआर दर्ज कराई. मामला अजमेर के क्लॉक टावर थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने बलात्कार, आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

पुलिस आरोपी अता मोहम्मद शाह की तलाश में छापेमारी कर रही है. होटल का पुराना रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

मामला सामने आने के बाद अजमेर आने वाले जायरीनों, खासकर अकेली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासन से मांग उठ रही है कि रेलवे स्टेशन और दरगाह के आसपास के होटलों-गेस्ट हाउस की सघन चेकिंग की जाए.

Ajmer Dargah Ajmer hotel Ajmer crime Ajmer news

Recent News