श्मशान घाट बुलाकर युवक को फंसाया, फिर अश्लील वीडियो बनाकर लाखों की उगाही

Amanat Ansari 30 Mar 2026 09:51: PM 1 Mins
श्मशान घाट बुलाकर युवक को फंसाया, फिर अश्लील वीडियो बनाकर लाखों की उगाही

ऊधम सिंह नगर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में एक बेहद चौंकाने वाला हनीट्रैप मामला सामने आया है. एक युवती और उसके साथियों ने एक स्थानीय व्यापारी को फोन पर दोस्ती का जाल बिछाकर फंसाया, फिर उसे बंधक बनाकर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी. पीड़ित व्यापारी सुपद मंडल ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

पुलिस के अनुसार, एक युवती पिछले कई दिनों से उनसे लगातार फोन पर बातचीत कर रही थी. धीरे-धीरे उसने व्यापारी का पूरा विश्वास जीत लिया और दोनों के बीच अच्छी दोस्ती बन गई. 27 मार्च को युवती ने मिलने का बहाना बनाकर उन्हें फुलसुंगा श्मशान घाट के पास बुलाया. जैसे ही सुपद मंडल वहां पहुंचे, युवती उन्हें अपने घर ले गई.

लेकिन घर में पहले से ही उसके साथी घात लगाकर बैठे थे. घर पहुंचते ही युवती के साथियों ने व्यापारी को घेर लिया, मारपीट की और जबरन उनके कपड़े उतारकर अश्लील वीडियो बना लिया. इसके बाद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हो गया.

गिरोह ने वीडियो वायरल न करने और डिलीट करने के बदले 5 लाख रुपये की मांग रखी. पैसे न देने पर दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने और वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने की धमकी दी. डर और मानसिक तनाव के चलते पीड़ित व्यापारी ने पहले ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए और फिर कुछ नकद राशि भी दी. लेकिन आरोपियों की मांग बढ़ती ही जा रही थी.

आखिरकार लगातार धमकियों से परेशान होकर सुपद मंडल ने रुद्रपुर पुलिस से मदद मांगी. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवती व उसके साथियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.

Honeytrap case Rudrapur crime News Businessman blackmailed Uttarakhand News

Recent News